Home देशशहर और राज्यउत्तर प्रदेश कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में खुली जीप में सवार राहुल-प्रियंका का लोगों ने किया स्वागत

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में खुली जीप में सवार राहुल-प्रियंका का लोगों ने किया स्वागत

by Tejas Khabar
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में खुली जीप में सवार राहुल-प्रियंका का लोगों ने किया स्वागत

मुरादाबाद । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से शुरू की। मुरादाबाद में भारी संख्या में उत्साहित भीड़ ने खुली जीप में सवार दोनों भाई-बहन का जोरदार स्वागत किया। मुरादाबाद हालांकि प्रियंका गांधी की ससुराल भी है, इसलिए उनका दौरा यकायक ख़ासा सुर्खियों में आ गया है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल, प्रियंका गांधी को देखने के लिए सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। दो दिनों के विराम के बाद आज सुबह मुरादाबाद की जामा मस्जिद चौराहे से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आकर्षण बने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को देखकर कांग्रेसी कार्यकर्ता ज़ोश से भरे हुए थे। इंडिया समूह की सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने भी न्याय यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी। श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को भीड़ को काबू करने में काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस यात्रा इंदिरा चौक, ईदगाह, संभल चौराहा पंडित नगला से होते हुए कोहिनूर तिराहे पर समाप्त होगी।

यह भी देखें : वन स्टॉप सेंटर पर महिलाओं को घरेलू हिंसा जैसी आपात स्थिति में आवश्यक सेवाए प्रदान की जा रही _ मंजू सिंह चौहान

गौरतलब है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बहाने श्रीमती वाड्रा को ससुराल में देखने की उत्सुकता भरी ख़ुशी महिला, बच्चों, नौजवानों में छिपाए नहीं छिप रही थी। उनकी शादी 1997 में मुरादाबाद निवासी राबर्ट वाड्रा के साथ हुई थी। ऐसा पहली बार है कि राहुल-प्रियंका एक साथ मुरादाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए हैं। श्रीमती वाड्रा इससे पूर्व दो दिसंबर 2021 तथा 10 फरवरी 2022 को चुनाव प्रचार के लिए मुरादाबाद आईं थीं। मुरादाबाद लोकसभा सीट से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी मात्र 30-35 वोटों तक सिमट कर ज़मानत जब्त कराने वाले कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की और मुरादाबाद के पूर्व सांसद क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन की गैरमौजूदगी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई थी।

यह भी देखें : फोरलेन निर्माण के लिए नापजोख शुरू

भारत जोड़ो न्याय यात्रा मुरादाबाद पहुंचने से पहले ही कांग्रेसी कार्यकर्ता होटल में आपस में भिड़ गए थे छीना-झपटी के दौरान वसीम नामक कार्यकर्ता के कपड़े भी फट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बामुश्किल शांत किया। घटना के दौरान उक्त होटल में कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ठहरी हुई थीं। इस बाबत जब अलका लांबा से सवाल किया गया तो वह सवालों से बचती नज़र आईं। दूसरे चरण की यात्रा का आज़ 42वां दिन है। अमरोहा के बाद अगले दिन 25 फरवरी को संभल से शुरू हो कर यात्रा आगरा पहुंचेगी होगी उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश जयराम ने बताया कि 26 फरवरी से पहली मार्च तक यात्रा बंद रहेगी।

You may also like

Leave a Comment