तेजस ख़बर

भाजपा ऐसे स्थानों पर भी पहुंचेगी जहां अभी नहीं है : धर्मपाल

भाजपा ऐसे स्थानों पर भी पहुंचेगी जहां अभी नहीं है : धर्मपाल

भाजपा ऐसे स्थानों पर भी पहुंचेगी जहां अभी नहीं है : धर्मपाल

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की शक्ति बताते हुये कहा कि पार्टी ऐसे स्थानों पर भी अपनी पहुंच सुनिश्चित करेगी जहां अभी उसकी पहुंच नहीं है। श्री सिंह ने मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास में औपचारिक मुलाकात की जबकि बाद में पार्टी के प्रदेश दफ्तर में अवध, काशी, कानपुर व गोरखपुर क्षेत्र के प्रदेश व क्षेत्र के पदाधिकारियों जिला अध्यक्षों व जिला प्रभारियों की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, झारखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर,उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक उपस्थित रहे।

यह भी देखें : सीएम योगी को फिर मिली जान से मारने की धमकी

उन्होने कहा “ संगठनात्मक दृष्टि से भाजपा पूरे प्रदेश में सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी, सर्वव्यापी और सर्वग्राही दल के रूप में ख्याति प्राप्त है। मुझे संगठन द्वारा जो दायित्व मिला है उस पर मैं पूरी तरह खरा उतरने का काम करूंगा। भाजपा संगठन के विस्तार का आधार कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं के बल पर संगठन का विस्तार अनवरत जारी रहेगा। संगठन ऐसे स्थानों पर भी अपनी पहुंच सुनिश्चित करेगा जहां अभी उसकी पहुंच नहीं है। सभी कार्यकर्ता संगठन की शक्ति हैं, जिनके प्रयास, सहयोग और जवाबदेही से संगठन की अनथक यात्रा जारी रहेगी।”

यह भी देखें : हर जिले में लगाये जायेंगे बायो फ्यूल प्लांट,तैयार करें योजना:योगी

इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि संगठनात्मक विकास व संख्यात्मक विस्तार की दृष्टि से उत्तर प्रदेश में भाजपा का मजबूत स्थान बना है। राजनैतिक, सामाजिक क्षेत्र में परिवर्तन स्वाभाविक है। इसलिए जीवन के हर क्षेत्र के परिवर्तन को सकारात्मक रूप में स्वीकार करना चाहिए। धर्मपाल जी बहुत लम्बे समय तक उत्तर प्रदेश में काम कर चुके हैं। इसलिए वह उत्तर प्रदेश को बखूबी जानते हैं। धर्मपाल जी के नेतृत्व में प्रदेश संगठन आगे के चरणों में प्रवेश करने वाला है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता तपस्वी हैं। वह बहुत संघर्ष करते हैं।

श्री बंसल के रहते हुए बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं का समायोजन भी हुआ है। प्रदेश के कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगे भी पार्टी के कार्यकर्ता अपने परिश्रम से आगामी नगर निकाय व लोकसभा चुनाव में विजय के नए कीर्तिमान बनाएगें। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम कर पार्टी को बुलन्दियों पर पहुंचाया है। 2014 से 2022 तक हुए हर चुनाव में पार्टी को अभूतपूर्व सफलता हासिल हुई है। धर्मपाल सिंह के अनुभवों का लाभ लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिलेगा। सपा-बसपा और कांग्रेस जैसे दल जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार वाली सोच से उबर नहीं पा रहे हैं।

यह भी देखें : प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ दिल को भी दुरुस्त रखेगा कन्नौज का इत्र

ये दल हर चुनाव में किसी न किसी नए गठबंधन के साथ सामने आते है, लेकिन जनता इन्हें नकार देती है। श्री मौर्य ने विश्वास व्यक्त किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश में सभी 80 सीटों पर विजयी होगी। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के बल पर 2014 से हमारी विजय यात्रा अनवरत जारी है। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर तक पार्टी के बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।

Exit mobile version