तेजस ख़बर

अस्थिर सरकारों ने देश को किया खोखला: योगी

अस्थिर सरकारों ने देश को किया खोखला: योगी

अस्थिर सरकारों ने देश को किया खोखला: योगी

आगरा । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुये कहा कि अस्थिर सरकारें देश को खोखला बना रही थीं जबकि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को एक स्थिर सरकार दी थी जिसका अनुसरण मौजूदा सरकार कर रही है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 99वीं जयंती पर श्री योगी आनकी जन्मस्थली बटेश्वर पहुंचे और बटेश्वर में अटल जी की प्रतिमा का अनावरण और उनके नाम पर बने सांस्कृतिक संकुल केंद्र (म्यूजियम) का लोकार्पण किया। फिर ब्रज तीर्थ हवाई यात्रा के लिए (आगरा से मथुरा- वृंदावन) हेलीपोर्ट सेवा की शुरुआत की। उन्होने पर्यटन व कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने आगरा में आलू शोध केंद्र बनाने की घोषणा की।

यह भी देखें : मैनपुरी सपा सांसद डिंपल यादव का बयान

बटेश्वर में सर्वप्रथम योगी आदित्यनाथ ने छोटी काशी के ब्रह्मलाल मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने करीब 148 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। बटेश्वर से गोवर्धन के लिए हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखा आगरा- मथुरा हेलीपोर्ट सेवा का शुभारंभ किया। उन्होने कहा “ अस्थिर सरकारें देश को खोखला बना रही थीं। अटल जी ने स्थिर सरकार दी। आज पाकिस्तान का हाल देख लें अस्थिर सरकार के चलते वहां का क्या हाल है। एक-एक रोटी के लाले हैं। प्रधानमंत्री 3.5 साल से लोगों को अनाज दे रहे हैं और अगले पांच वर्ष की गारंटी दी है। स्थिरता आर्थिक समृद्धि का पैमाना बनता है।”

योगी ने कहा कि पहले बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं, किसान खेत पर नहीं जा पाते थे। विकास के पैसे का बंदर-बाट होता था। अटल ने जिस यूपी की आधारशिला रखी थी, उसको डबल इंजन की सरकार आगे बढ़ा रही है। आज यूपी में विकास हो रहा है। गांव में कनेक्टिविटी बढ़ी है। न केवल रोड बल्कि हवाई जहाज की कनेक्टिविटी भी बेहतर हो रही है।

यह भी देखें : भाजपा जिला कार्यालय में सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई स्व. अटल बिहारी की जयंती व काव्य पाठ का भी हुआ आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा “ अटल जी की पावन भूमि पर जब मैं पहली बार आया था तब से अब तक बहुत सुधार हुआ है। मां यमुना के तट पर बने मंदिरों ने विदेशी हमलों को झेला है। पर्यटन विभाग इन मंदिरों का सौंदर्योर्गीकरण कर रहा है। जो विकास हो रहा है वो प्रेरणा का काम करेगा। ”

उन्होने कहा कि आगरा में आलू शोध केंद्र बनेगा। इससे किसानों को मदद मिलेगी। साथ ही अगले दो साल में 50 हजार किसानों को सोलर पंप देंगे। इससे डीजल पंप से मुक्ति मिलेगी। किसानों को खेतों में पानी लगाने में आसानी होगी। उन्होंने कहा, विकसित भारत संकल्प यात्रा में सभी शामिल हों। जो भी लाभार्थी हैं वो अपनी कहानी बताएं। जिन्हें फायदा नहीं मिला है वो अपना रजिस्ट्रेशन करा लें। किसानों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए जो कुछ भी होगा वो डबल इंजन की सरकार करेगी।

यह भी देखें : सांसद ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए

योगी ने कहा कि आगरा- मथुरा के बीच सोमवार से हेलीपोर्ट सुविधा की शुरुआत हो गई। अब पर्यटक हवाई यात्रा कर ब्रज दर्शन कर सकेंगे। इस सेवा का संचालन पीपीपी मोड पर किया जा रहा है। इसके लिए 12 दिसंबर को मेसर्स राजस एयरोस्पोर्ट एंड एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड के साथ सरकार का एग्रीमेंट हुआ था। कंपनी को हेलीपोर्ट 30 साल के लिए लीज पर दिया गया है।

इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, पशुधन एवं दूध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, धर्मपाल सिंह, छोटेलाल वर्मा, चौधरी बाबूलाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।

Exit mobile version