यह बजट नहीं है बल्कि चपत है: अखिलेश

लखनऊ

यह बजट नहीं है बल्कि चपत है: अखिलेश

By Tejas Khabar

July 24, 2024

लखनऊ । समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने दस साल में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ायी है। जनता का शोषण किया है। यह बजट नहीं चपत है। इस बजट ने लोगों को चपत लगा दिया। उन्होने कहा कि बजट से उत्तर प्रदेश की जनता निराश है। डबल इंजन की सरकार से उत्तर प्रदेश की आस पूरी नहीं हुई। उत्तर प्रदेश में नौजवानों के पास नौकरी का संकट है। यह सरकार युवाओं को सम्मान जनक रोजगार नहीं दे सकती है। भाजपा की सरकार में उत्तर प्रदेश पीछे छूट गया। जो उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री बनाता है उसके साथ भेदभाव हुआ। यादव ने कहा कि सरकार को जानकारी है कि कैंसर की बीमारी बढ़ रही है लेकिन भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के दौरान लखनऊ में बनाये गये कैंसर इंस्टीट्यूट के लिए बजट नहीं दे रही। सरकार कैंसर इंस्टीट्यूट नहीं चला पा रही है।

यह भी देखें : एयर गन से युवक की हुई मौत के मामले में हत्या की रिपोर्ट हुई दर्ज

भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। किसान की आय दोगुनी करने का कोई रोडमैप नहीं है। किसानों की फसलों में एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं मिला। मंडियों के लिए कोई बजट नहीं दिया गया। भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया। उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं चौपट है। उन्होने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार आपस में टकरा रही है। ऐसा लगता है उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने दिल्ली सरकार से बजट में कुछ मांगा ही नहीं। केन्द्र की सरकार ने उत्तर प्रदेश को बजट में कुछ विशेष देना तो छोड़िए उत्तर प्रदेश का नाम तक नहीं लिया। समाजवादी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जहां तक बनाया था आज भी वहीं तक रह गया।

यह भी देखें : कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम से लाभान्वित होंगे लाखों युवा

अगर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को गाजीपुर बलिया से बक्सर तक जोड़ दिया जाता तो देश में भागलपुर से दिल्ली तक पूरा एक्सप्रेस-वे मार्ग मिल जाता लेकिन सरकार ने उसके लिए बजट नहीं दिया। कांवड़ मार्ग पर दुकानदारों के नाम के मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुये श्री यादव ने कहा कि यह सौैहाद्र की जीत है। भाजपा नफरत फैलाती है। जनता नफरत के खिलाफ एकजुट है। भाजपा अब नफरत फैलाने में सफल नहीं होगी। भाजपा का कम्युनल मुद्दा खत्म हो गया है। सम्प्रदायिकता का दिया आखिरी समय में फडफड़ा रहा है।