तेजस ख़बर

इटावा में सूदखोर की हत्या

इटावा में सूदखोर की हत्या

इटावा में सूदखोर की हत्या

इटावा। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के सहसो इलाके में एक सूदखोर की हत्या के बाद शव को चंबल नदी के किनारे दफना दिया गया।
इस दुस्साहिक वारदात के विरोध में सोमवार को यहां ग्रामीणों और परिजनों ने प्रदर्शन किया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। करीब तीन घंटे चले हंगामे के बाद बड़ी मुश्किल से शव का अंतिम संस्कार करवाने में पुलिस इस आश्वासन पर कामयाब हुई कि निष्पक्ष जांच कर हत्यारोपियों को हर हाल में पकड़ा जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक चार दिन से लापता था। मुखबिर की सूचना पर करीब छह फुट गहरा गड्ढा खोद कर शव को बाहर निकाला गया । सूदखोर की हत्या के पीछे करोड़ों रुपये के लेनदेन के विवाद की वजह सामने आ रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि लापता सूदखोर अरविंद गुर्जर (55) की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी गई और शव चंबल किनारे दफना दिया गया। पकड़े गए एक आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव को गड्ढे से निकलवाया। आरोपी ने अन्य दो साथियों के साथ घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारी है। मृतक के भाई ने लेनदेन के विवाद में भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनो के अनुसार प्रतापपुरा निवासी अरविंद गुर्जर बृहस्पतिवार सुबह घर से काम के सिलसिले में बाहर जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। शनिवार को पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें अरविंद को गांव के ही प्रेम सिंह के साथ देखा गया।

यह भी देखें : नवविवाहिता का बेड पर पडा मिला शव, ससुरालीजन मौके से फरार

पुलिस ने प्रेम सिंह से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर रविवार दोपहर सहसों गांव के नीचे चंबल नदी किनारे उसी के खेत में गड्ढे से अरविंद के शव को बरामद कर लिया। मृतक के पैर रस्सी और हाथ तार से बंधे थे। गर्दन, सीने पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। शव जमीन में करीब डेढ़ मीटर नीचे दबा था। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों ने लेनदेन के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में आरोपी प्रेम सिंह ने हत्या में दो अन्य लोगों का हाथ होने की बात कबूली है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Exit mobile version