बागपत में यमुना के अन्दर फटा गैस पाइप,धमाकों से दहशत

उत्तर प्रदेश

बागपत में यमुना के अन्दर फटा गैस पाइप,धमाकों से दहशत

By Tejas Khabar

July 27, 2023

बागपत । उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के छपरौली क्षेत्र में यमुना नदी में आईजीएल की गैस का पाइप जोरदार धमाके के साथ फट गया। करीब एक घंटे तक होते रहे जोरदार धमाको से ग्रामीण भयभीत हो गए। ग्रामीणों ने पूर्व विधायक व रालोद महासचिव राजेन्द्र शर्मा को सूचना दी। उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी जेपी सिंह व उपजिलाधिकारी बडौत सुभाष सिंह को सूचना दी। उन्होंने संबंधित गैस कंपनी व फायर ब्रिगेड क़ो सूचना दी गई, इसके बाद ही गैस सप्लाई बंद कराई गई। आधिकारिक तौर पर बताया गया कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे यमुना नदी में गैस पाइप लाइन फटने से जोरदार धमाके होने लगे। लगातार धमाको की आवाज से घबराए ग्रामीणों में तरह तरह की चर्चा होने लगी।

यह भी देखें : कौशांबी में आंख का संक्रमण बना चिंता का विषय

इस बीच यमुना के बीच से ऊंची ऊंची लहरों के साथ जोरदार धमाकों की आवाज से गैस पाइप फटने का अनुमान लगाकर लोगों ने तत्काल पूर्व विधायक राजेन्द्र शर्मा को फोन पर जानकारी दी। उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह व एसडीएम बडौत सुभाष सिंह को सूचना दी। दोनों अधिकारियों ने गैस कंपनी को पाइप फटने के संबंध में जानकारी दी तथा तत्काल सप्लाई रोकने के निर्देश दिए। गैस पाइप लाइन फटने की सूचना मिलते ही ग्रामीण दहशत में घरों से निकल गए थे। इस बीच प्रशासन की ओर से गैस चूल्हे न जलाने, माचिस आदि न जलाने की मुनादी भी कराई गई।

यह भी देखें : भाजपा सरकार ने नहीं बढ़ाया बिजली उत्पादन: अखिलेश

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत गाजियाबाद से गैस की सप्लाई बंद कराई। इसके बाद गैस का रिसाव कम हुआ। दोपहर बाद गैस पाइप लाइन के अधिकारी भी स्थिति को काबू करने के लिए यमुना नदी के तट पर पहुंच गए, जहां से गैस पाइप फटा था। गैस सप्लाई बंद होने के बाद ही ग्रामीणों व अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद भी तमाम अधिकारी, भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लेते रहे।