10 teachers received district teacher award in Auraiya

औरैया

औरैया में 10 शिक्षकों को मिला जिला अध्यापक पुरस्कार

By

December 16, 2020

औरैया। राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मनीष कुमार की सकारात्मक सोच और प्रयास से जनपद स्तर के उत्कृष्ट शिक्षकों के लिए जिला अध्यापक पुरस्कार देने की अभिनव पहल की शुरुआत इस वर्ष शिक्षक दिवस पर की गई थी। इसके अंतर्गत कुल 10 शिक्षकों को चयनित किया गया था । नामित इन 10 शिक्षकों को बुधवार को अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मान पत्र, उम्मीद के रंग पुस्तक तथा एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया । अपर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि इन शिक्षकों ने शिक्षा की नई तकनीकों के ​साथ स्टूडेंट्स को सिखाने के लिए कड़ी मेहनत की है। चाहे स्मार्ट क्लासेज हों या एक्स्ट्रा करीकुलर एक्टिविटीज, हर माध्यम का इस्तेमाल बच्चों को सिखाने के लिए किया है। उन्होंने सभी शिक्षकों को बधाई देकर उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए उनकी सराहना की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक बाबू मिश्र,जिला विद्यालय निरीक्षक हृदय नारायण त्रिपाठी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंदना राम इकबाल यादव समेत समस्त खंड शिक्षा अधिकारी व अधिकारी मौजूद रहे ।

इन्हें मिला जिला अध्यापक पुरुस्कार

माध्यमिक विद्यालय से बृजेश दीक्षित (प्रधानाचार्य) श्री नारायण इंटर कॉलेज बढ़ेरा, रामेन्द्र सिंह कुशवाहा (प्रवक्ता भौतिक विज्ञान) स्वामी विवेकानन्द इण्टर कालेज सहार और कृष्ण मोहन उपाध्याय (प्रधानाचार्य) जनता इंटर कॉलेज अजीतमल को यह पुरस्कार मिला। बेसिक विद्यालय से रश्मि (प्रधानाध्यापिका) इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल गुलाब पुर ब्लाक – भाग्यनगर, अलका यादव (प्रधानाध्यापिका) इंग्लिश मीडियम मॉडल स्कूल नगला जय सिंह ब्लॉक – भाग्यनगर, ज्ञान प्रकाश (प्रधानाध्यापक) प्राथमिक विद्यालय जैतपुर ब्लॉक – भाग्यनगर, नाथूराम कुशवाहा (प्रधानाध्यापक) प्राथमिक विद्यालय सिंगलामऊ ब्लॉक – भाग्यनगर, विकास सक्सेना (सहायक अध्यापक) पूर्व माध्यमिक विद्यालय नरोत्तम पुर ब्लॉक – औरैया, रीतु पोरवाल (प्रधानाध्यापिका) प्राथमिक विद्यालय बरमूपुर ब्लॉक – औरैया तथा अश्वनी कुमार (प्रधानाध्यापक) इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल शिवगंज ब्लॉक – सहार यह पुरस्कार दिया गया । जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन करने वाले वर्ष 2018 के राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मनीष कुमार एवं वर्ष 2019 के राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षिका सुनीता कटियार को भी सम्मानित किया गया।